Bihar : नाव से स्कूल जा रहे 10 बच्चे बागमती नदी में गुम; 30 से ज्यादा छात्रों में 20 निकाले गए

बिहार के स्कूलों में छात्रों की 75 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य किए जाने के बाद लोग नदी की खतरनाक धाराओं के बीच भी बच्चों को स्कूल भेज रहे हैं। करीब 30 बच्चों को ले जा रही नाव गुरुवार सुबह डूब गई। 10 बच्चे लापता बताए जा रहे हैं।



मुजफ्फरपुर में बड़ा नाव हादसा हुआ है। बागमती नदी में छात्रों से भरी नाव डूब गई। इसमें करीब 30 छात्र सवार थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची। टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से 20 से अधिक बच्चों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया। 10 से ज्यादा बच्चों के गायब होने की बात आ रही है और इनकी तलाश जारी है। घटना गायघाट थाना के बेनीबाद ओपी के बागमती नदी पर बने मधुरपट्टी घाट के पास की है।

सीएम नीतीश ने दिया जांच का निर्देश


इधर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि डीएम को इस मामले को देखने स्तर से जांच करने के लिए कहा गया है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा सरकार की ओर से दिया जाएगा। वहीं मामले में डीएसपी पूर्वी शहरयार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। लोगो से भी घटना की जानकारी ली जा रही है। कितने बच्चे और लोग नाव पर सवार थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। रस्सी के सहारे नाव पार कर रही थी। वह रस्सी अचानक से टूट गई थी, जिससे हादसा हो गया है। स्थानीय लोग से भी जानकारी ली जा रही है। कितने बच्चे थे और अन्य लोग नाव पर सवार थे, यह पता लगाया जा रहा है।


नाव पर बैठकर स्कूल जा रहे थे सभी बच्चे


बताया जा रहा है कि गुरुवार की सुबह नाव पर सवार होकर करीब 30 बच्चे गायघाट प्रखंड के बलौर हाई स्कूल जा रहे थे। नाव पर कुछ बच्चे और महिलाएं भी थी। कुछ पुरुष भी थे। रस्सी के सहारे नदी से नाव पार करती है। इसी दौरान बेनीबाद ओपी स्थित मधुरपट्टी घाट के पास रस्सी टूट गई और बच्चों से भरी नाव अनियंत्रित होकर बागमती नदी में डूब गई। इस घटना के बाद नाव सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। नाव पर सवार 20 से अधिक बच्चों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया है जबकि करीब 10 बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे बेनीबाद ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार खुद मामले की छानबीन में जुट गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *